
भोपाल (निप्र)।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा और मानवता का संदेश देते हुए कैंसर सेवा ग्रुप द्वारा 2 अक्टूबर आज अहिंसा विहार कॉलोनी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ब्लड कलेक्शन वैन के माध्यम से रक्त संग्रह किया जाएगा। कैंसर सेवा ग्रुप के संस्थापक दीपक मानकर ने बताया कि रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों की मदद के उद्देश्य से लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उनका कहना है कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी भावना के साथ कॉलोनीवासियों और आसपास के लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की गई है। दीपक मानकर लंबे समय से कैंसर मरीजों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल में उपचार के दौरान मरीजों के परिजनों की परेशानियों को करीब से देखने के बाद उन्होंने सेवा की यह पहल शुरू की थी। गांधी जयंती पर आयोजित होने वाला यह रक्तदान शिविर सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक पहल है।







