वाशिंगटन,24 सितंबर। अमेरिका की एक संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को झटका देते हुए सीएनएन, एमएम नाउ और पोलिटिको के पत्रकारों का व्हाइट हाउस में प्रवेश तत्काल बहाल करने का आदेश दिया है। संघीय न्यायाधीश टिमोथी केली ने गुरुवार को अपने आदेश में कहा कि पिछले सप्ताह इन तीनों समाचार संस्थानों पर लगाया गया प्रतिबंध असंवैधानिक था। अदालत के आदेश के बाद तीनों मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के लिए व्हाइट हाउस में प्रवेश संबंधी पास फिर जारी किए जा सकेंगे।
न्यायाधीश केली ने अपने आदेश में कहा कि पत्रकारों के प्रेस पहचान-पत्र रद्द करने से पहले उन्हें संवैधानिक रूप से आवश्यक उचित प्रक्रिया का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सामान्य नियम के तहत सरकार द्वारा किसी व्यक्ति को उसके संवैधानिक रूप से संरक्षित अधिकार से वंचित करने से पहले उसे नोटिस देने और अपना पक्ष रखने का अवसर देना आवश्यक है।
न्यायाधीश ने यह भी कहा कि ट्रंप प्रशासन ने इस बात से इनकार नहीं किया है कि इन मीडिया संस्थानों के स्थायी प्रवेश पास रद्द करने से पहले उन्हें कोई नोटिस या सुनवाई का अवसर दिया गया था।
मामले की सुनवाई से कुछ घंटे पहले बुधवार देर रात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सामाजिक माध्यम पर एक पोस्ट कर न्यायाधीश टिमोथी केली पर निशाना साधा था। ट्रंप ने केली को पूरी तरह से बेवफा बताते हुए कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि उनके द्वारा अपने पहले कार्यकाल के दौरान न्यायाधीश पद के लिए नामित किए गए केली उनके खिलाफ फैसला नहीं सुनाएंगे।
हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा था कि यदि अदालत का फैसला उनके खिलाफ आता है तो वह अन्य मामलों की तरह इस फैसले के खिलाफ भी अपील करेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले शुक्रवार को अपने सामाजिक माध्यम मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के माध्यम से सीएनएन, एमएम नाउ और पोलिटिको के व्हाइट हाउस में प्रवेश पर रोक लगाने की घोषणा की थी। ट्रंप ने इसके लिए इन संस्थानों की ओर से लगातार फर्जी खबरें प्रकाशित और प्रसारित किए जाने को जिम्मेदार बताया था।
ट्रंप ने कहा था कि मीडिया संस्थानों को राष्ट्रपति, ट्रंप प्रशासन या अमेरिका से संबंधित खबरें प्रकाशित करते समय मनगढ़ंत और झूठी बातें लिखने या प्रसारित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
इसके बाद तीनों मीडिया संस्थानों ने ट्रंप प्रशासन के फैसले को अदालत में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई के बाद संघीय न्यायाधीश टिमोथी केली ने पत्रकारों के व्हाइट हाउस प्रवेश को तत्काल बहाल करने का आदेश दिया।








