समस्तीपुर ,24 सितंबर ,(आरएनएस)। जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर में युवती के साथ कथित अभद्रता का वीडियो सामने आने से हडक़ंप मच गया। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर फोटो खिंचवाने के लिए रुकी एक युवती को कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर घेरने और उसके साथ बदसलूकी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि युवती एक युवक के साथ बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सडक़ किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को कथित तौर पर घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती से उसका नाम और पता पूछते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर गलत तरीके से छूने और उसे सडक़ पर खींचने की हरकत भी दिखाई दे रही है। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास शर्मा और राहुल कुमार के नाम सामने आए हैं। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, अब तक दो युवकों की पहचान की गई है। अन्य आरोपितों की पहचान और घटना में उनकी कथित संलिप्तता की जांच जारी है।
बताया गया है कि विकास शर्मा के खिलाफ शराब से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। हालांकि, इस मामले में उसकी भूमिका और वायरल वीडियो की पूरी सत्यता की पुलिस जांच कर रही है।
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो की तत्काल जांच करने, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने और घटना में शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कुल कितने लोग शामिल थे और युवती के साथ वास्तव में क्या हुआ था।








