सिरसा में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मोटरसाइकिल सवार समेत 5 की मौत; करीब 30 मजदूर घायल

Join Us

सिरसा ,24 सितंबर ,(आरएनएस)। हरियाणा के सिरसा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 मजदूर घायल हो गए। हादसा गांव मल्लेका के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ऑटू हेड से नरमा चुनाई के लिए मजदूरों को लेकर पंजाब हेड की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिरसा की तरफ से आ रहे एक ट्राले से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार मजदूर सडक़ पर जा गिरे।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की ट्रॉली में करीब 30 मजदूर सवार थे। हादसे में दो महिला मजदूरों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 मजदूर घायल हो गए।
इसी दौरान मल्लेका की ओर से ऐलनाबाद की तरफ जा रहा एक मोटरसाइकिल सवार भी ट्राले की चपेट में आ गया। ट्राला पलटने से बाइक सवार उसके नीचे दब गया और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की मौत की सूचना है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसे और सडक़ पर गिरे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए सिरसा ले जाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
हादसे के बाद सडक़ पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

Previous articleदर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार कार ट्रेलर में घुसी, 4 की मौत; मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी मृतकों में शामिल
Next articleजमुई के बाद समस्तीपुर में युवती से सरेराह अभद्रता का वीडियो वायरल, 4 युवक हिरासत में; जांच में जुटी पुलिस