दर्दनाक हादसा : डिवाइडर से टकराने के बाद श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 6 की मौत; 30 घायल

Join Us

बागपत ,07 सितंबर ,(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। हादसा खेकड़ा थाना क्षेत्र में बड़ागांव कट के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार श्रद्धालु राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस के साथ चार पीआरवी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।
हादसे में घायल लोगों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस अजीत चौधरी के मुताबिक, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए एक्सप्रेस-वे पर आवागमन सुचारू कराया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई जारी है।

Previous articleसत्य निकेतन हादसे के बाद ष्टरू रेखा गुप्ता का ‘एक्शन मोड’, 5वीं मंजिल वाले सभी भवनों को सील करने का निर्देश
Next articleटीएमसी सांसद नदीमुल हक पर श्वष्ठ का शिकंजा, कोलकाता से दिल्ली तक कई ठिकानों पर छापेमारी