– 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल, (ए.)। मध्य प्रदेश में लंबे समय से कम बारिश के बाद अब मानसून ने जोर पकड़ लिया है। मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। भोपाल में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सोमवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। वहीं, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल में रातभर बारिश, वीआईपी रोड पर गिरा पेड़
राजधानी भोपाल में शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होने से कई इलाकों में पानी भर गया। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर, सिटी क्षेत्र की वसुंधरा कॉलोनी और शिवनगर समेत कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी। सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच वीआईपी रोड पर सडक़ के बीच पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।








