पीएम विकास योजना से सिख समुदाय के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को मिली गति, 11 हजार से अधिक लाभार्थियों ने पूरा किया प्रशिक्षण

Join Us

नई दिल्ली, (आरएनएस)। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के माध्यम से सिख समुदाय सहित देश के अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक-आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के तहत कौशल विकास, शिक्षा, नेतृत्व और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय देशभर के छह अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान के लिए पीएम विकास योजना संचालित कर रहा है। यह मंत्रालय की केंद्रीय क्षेत्र योजना है, जिसके अंतर्गत राज्यों को अलग-अलग आवंटन नहीं किया जाता।
उन्होंने बताया कि योजना का क्रियान्वयन पात्र परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों, सरकारी संस्थानों, केंद्रीय एवं राज्य सार्वजनिक उपक्रमों, अल्पसंख्यक संस्थानों तथा राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के प्रमुख घटकों में कौशल एवं प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, उद्यमिता और शिक्षा शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 59 परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों को 1.56 लाख लाभार्थियों के प्रशिक्षण का लक्ष्य दिया गया है। इनमें दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (डीएसजीएमसी) को 31,600 अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण का लक्ष्य आवंटित किया गया है।उन्होंने जानकारी दी कि अब तक योजना के तहत 32,138 अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कराया जा चुका है। इनमें 11,217 लाभार्थी सिख समुदाय से हैं, जिनमें 5,655 पुरुष और 5,562 महिलाएं शामिल हैं।

 

 

Previous articleहाईवे पर कांवडिय़ों के ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई सरकारी एंबुलेंस, हादसे के बाद हंगामा, लगा लंबा जाम
Next article17 की उम्र में खड़ी की कंपनी, अब ‘चायवालाज’ के मशहूर फाउंडर ने फंदा लगाकर की खुदकुशी