नई दिल्ली 30 जुलाई (आरएनएस)। सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए। एक मामले में अदालत ने मेडिकल आधार पर आईआईटी खडग़पुर के छात्र को आईआईटी रुडक़ी स्थानांतरित करने का निर्देश दिया, जबकि दूसरे मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने विदेश में इलाज की अनुमति नहीं मिलने के खिलाफ सर्वोच्च अदालत का दरवाजा खटखटाया।
पहले मामले में सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना और आर. महादेवन की पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विशेष अधिकारों का प्रयोग करते हुए आईआईटी खडग़पुर को एक सप्ताह के भीतर छात्र का ट्रांसफर/माइग्रेशन प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज जारी करने का निर्देश दिया। छात्र बॉर्डरलाइन पर्सनैलिटी डिसऑर्डर से पीडि़त है और वर्तमान में आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रहा है।
याचिका में छात्र ने कहा था कि उसे विशेष चिकित्सीय उपचार और परिवार की देखरेख की आवश्यकता है, लेकिन ट्रांसफर नहीं मिलने के कारण उसका इलाज प्रभावित हो रहा है। अदालत ने स्पष्ट किया कि आईआईटी रुडक़ी में प्रवेश के बाद छात्र को संस्थान के सभी नियमों, शुल्क और अन्य शर्तों का पालन करना होगा।
दूसरे मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने कलकत्ता हाई कोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उन्हें आंखों के इलाज के लिए तत्काल विदेश जाने की अनुमति देने से इनकार किया गया था। उनकी विशेष अनुमति याचिका पर 3 अगस्त को सुनवाई होने की संभावना है।
बनर्जी का कहना है कि वर्ष 2016 में सडक़ दुर्घटना में आंख में गंभीर चोट लगने के बाद से उनका उपचार विदेश में चल रहा है। हालांकि, कलकत्ता हाई कोर्ट ने पहले उन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल के विशेषज्ञों से चिकित्सकीय राय लेने का निर्देश दिया था और मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट आने तक विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी।
राज्य सरकार ने अदालत में बनर्जी की विदेश यात्रा का विरोध करते हुए कहा था कि उनसे जुड़े कई मामले जांच के अधीन हैं और विदेश जाने की अनुमति मिलने से जांच प्रभावित हो सकती है। हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम सुरक्षा को 6 अक्टूबर तक बढ़ाते हुए जांच में सहयोग जारी रखने का भी निर्देश दिया है। अब इस पूरे मामले पर अंतिम निर्णय के लिए सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
–
(नईदिल्ली)कोयंबटूर कार बम धमाका: टेरर फंडिंग जांच में ईडी की तीन राज्यों में छापेमारी
नई दिल्ली 30 जुलाई (आरएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वर्ष 2022 के कोयंबटूर कार बम विस्फोट से जुड़े कथित आतंकी फंडिंग नेटवर्क की जांच के तहत गुरुवार को तमिलनाडु, तेलंगाना और महाराष्ट्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी ने चेन्नई, कोयंबटूर, हैदराबाद और मुंबई सहित कुल 16 स्थानों पर छापेमारी की।








