ग्राहक ने लगाए लापरवाही के आरोप, बोले— वादे कुछ और, सेवा कुछ और; उपभोक्ता आयोग जाने की तैयारी
भोपाल (निप्र)। राजधानी भोपाल के गोविन्दपुरा स्थित एक एथर ई-स्कूटर शोरूम की सर्विस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पत्रकार संदीप जी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने शोरूम से भरोसा और बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस के दावों के आधार पर ई-स्कूटर खरीदा था, लेकिन वाहन खरीदने के बाद से लगातार तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रकार संदीप जी का कहना है कि स्कूटर में कई बार खराबी आने पर इसकी शिकायत शोरूम के सर्विस विभाग में की गई, लेकिन हर बार स्थायी समाधान नहीं मिला। उनका आरोप है कि 28 जुलाई 2026 को एक बार फिर ई-स्कूटर खराब हो गया। जब उन्होंने शोरूम के सर्विस विभाग से संपर्क किया तो बिना वाहन का निरीक्षण किए ही यह कह दिया गया कि संभवत: स्कूटर का वायर चूहे ने काट दिया होगा। बिना तकनीकी जांच के इस तरह का जवाब देना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है। उनका आरोप है कि यदि वाहन में कोई तकनीकी कमी है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर समाधान किया जाना चाहिए, न कि बिना जांच के अनुमान लगाकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वाहन खरीदा गया था, तब शोरूम के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया था कि यदि स्कूटर कहीं भी रास्ते में खराब होता है, तो उसे वहां से उठाकर सर्विस सेंटर तक लाने की पूरी जिम्मेदारी शोरूम की होगी। लेकिन अब जब वाहन खराब हुआ तो उसे उठाकर लाने के लिए अलग से अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही है, जो बिक्री के समय किए गए दावों के विपरीत है।
उनका कहना है कि बिक्री के समय ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बड़ी-बड़ी सुविधाओं और बेहतर सर्विस का भरोसा दिया जाता है, लेकिन जब वाहन में खराबी आती है तो ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क और विभिन्न बहानों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि इससे उपभोक्ताओं का विश्वास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शोरूम प्रबंधन द्वारा उनकी शिकायत का निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान नहीं किया जाता है, तो वे इस पूरे मामले की शिकायत जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (उपभोक्ता आयोग) में दर्ज कराएंगे, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके और यदि सेवा में कमी पाई जाती है तो संबंधित पक्ष के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो।








