दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो उड़ान के कार्गो होल्ड में धुआं, राजकोट में आपातकालीन लैंडिंग

Join Us

राजकोट(आरएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई से महाराष्ट्र के मुंबई आ रही इंडिगो की एक उड़ान में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान को आपातकालीन परिस्थति में गुजरात के राजकोट में उतारा गया। दरअसल, विमान के चालक दल के सदस्यों ने कार्गो होल्ड में धुआं देखा और उसके बाद राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की। राजकोट पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया है। विमान की जांच की जा रही है।
इंडिगो की उड़ान 6ई-1452 दुबई से मुंबई आ रही थी। तभी चालक दल के सदस्यों ने सामान रखने वाले कार्गो होल्ड में धुआं देखकर आग लगने की आशंका जताई।इसके बाद पायलट ने राजकोट एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग का अनुरोध किया, जिसे स्वीकार करने के बाद विमान उतारा गया।घटना के समय विमान में 194 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उनको दूसरी विमान से मुंबई पहुंचाया जाएगा।
राजकोट हवाई अड्डे के निदेशक दिगंता बोराह ने कहा कि दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की उड़ान के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं देखे जाने के बाद आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
मई में हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो के विमान में यात्री के पावर बैंक में आंतरिक विस्फोट के बाद केबिन में धुआं भर गया था।

Previous articleइथेनॉल मिश्रित पेट्रोल योजना से मेरा कोई संबंध नहीं : नितिन गडकरी
Next articleमद्रास हाई कोर्ट ने करूर भगदड़ पीडि़तों के परिवारों को नौकरी देने वाला आदेश किया रद्द