केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनके प्रति एकजुटता और समर्थन का संदेश दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणि’य मंत्री पीयूष गोयल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उनके आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
भाजपा नेताओं ने धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पार्टी का कहना है कि उनका इस्तीफा सार्वजनिक जीवन में नैतिक जिम्मेदारी और जवाबदेही का उदाहरण है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की भावनाओं का सम्मान करती है और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करने के पक्ष में है और शिक्षा क्षेत्र में धर्मेंद्र प्रधान के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के साथ मजबूती से खड़ी है। उनके अनुसार, व्यापक जनहित को प्राथमिकता देते हुए लिया गया यह निर्णय सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, जिम्मेदारी और निस्वार्थ सेवा की भावना को दर्शाता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का कार्यकाल विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को दूरदर्शी और समावेशी बताते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी धर्मेंद्र प्रधान के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश के शिक्षा तंत्र का नेतृत्व करना एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे उन्होंने स्पष्ट दृष्टि और दृढ़ संकल्प के साथ निभाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों के बीच लिया गया यह फैसला संगठन की जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के साथ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी








