कोलकाता में फिर डराने लगा कोरोना, अस्पताल में भर्ती हुए 4 मरीज

Join Us

कोलकाता (आरएनएस)। कोविड-19 से संक्रमित तीन मरीजों को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले, कोविड से संक्रमित 10 साल के एक लडक़े को भर्ती कराना पड़ा था। कोरोना वायरस से संक्रमित अब तक चार लोगों का इलाज जारी है। अस्पताल के डॉ. सुभजीत सेन ने कहा, अभी हम मौसमी वायरल इन्फेक्शन खासकर इन्फ्लूएंजा और कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी देख रहे हैं। फिलहाल, हम एसएआरएस-सीओवी-2 इन्फेक्शन वाले तीन मरीजों का इलाज कर रहे हैं। एक मरीज ठीक हो गया है और उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है, जबकि दो मरीजों को ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण आईसीयू में भर्ती करना पड़ा था, लेकिन इलाज का उन पर अच्छा असर हुआ है और अब उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर के अनुसार, कोविड-19 का मौजूदा पैटर्न ओमिक्रॉन लहर जैसा ही है, जिसमें ज्यादातर मरीजों में ऊपरी श्वसन तंत्र से जुड़े हल्के लक्षण जैसे बुखार, गले में खराश, खांसी और शरीर में दर्द दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को गंभीर बीमारी का ज्यादा खतरा रहता है। डॉक्टर ने कहा, घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि समय पर मेडिकल देखभाल मिलने से ज्यादातर मरीज ठीक हो जाते हैं। हालांकि, लोगों को समझदारी से सावधानी बरतनी चाहिए, जैसे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना, हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखना, वायरस फैलने के दौरान गैर-जरूरी भीड़-भाड़ से बचना और लक्षण बिगडऩे पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना। अभी डरने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है।
बता दें कि 18 जुलाई को कोलकाता के गारिया के रहने वाले 10 साल के एक लडक़े को बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों के साथ एक दूसरे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शक होने पर डॉक्टरों ने स्वैब टेस्ट किया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। लडक़े के कोविड-19 से संक्रमित होने का पता चलने के बाद, उसे आईसीयू के आइसोलेशन यूनिट में शिफ्ट कर दिया गया।
बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। आंध्र प्रदेश में 26 जून से 16 जुलाई के बीच 12 लोग कोविड संक्रमित पाए गए। इसके अलावा, पहले से दूसरी बीमारियों से जूझ रहे 4 मरीजों की मौत हो गई। वहीं, पुणे में भी लगभग तीन साल बाद कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। पिछले 10 दिनों में नए मरीजों की पहचान की गई है। डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर मरीजों में हल्के लक्षण हैं, लेकिन सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Previous articleराहुल को धरने से पुलिस उठाकर ले गई: पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद एक्शन,बाद में छोड़ा
Next articleदक्षिण सिक्किम में एनएचपीसी की परियोजना टनल में विस्फोट से 10 की मौत