श्रीनगर,(आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चार दिन तक चले आतंकवाद विरोधी अभियान के बाद बुधवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के शीर्ष कमांडर जाकिर गनई का शव हथियार के साथ बरामद किया गया। सुरक्षा बल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को दो संदिग्ध आतंकवादी सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिए थे। इसके बाद सुरक्षा बलों ने शोपियां के मीमंदर-चानपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, जो बाद में मुठभेड़ में बदल गया। चार दिन तक चले अभियान के बाद चानपोरा गांव से एक आतंकवादी का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान जाकिर गनई के रूप में हुई। अधिकारियों के अनुसार, वह लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय और शीर्ष कमांडर था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी इलाके में छिपे हुए थे। उनकी पहचान जाकिर गनई और लतीफ के रूप में हुई है। दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के निवासी बताए जाते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जाकिर वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था, जबकि लतीफ ने पिछले वर्ष संगठन की सदस्यता ली थी।
यह अभियान सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त रूप से चलाया। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हुई। घने बाग होने के कारण अभियान कई दिनों तक जारी रहा।
फिलहाल सुरक्षा बल पूरे इलाके की सघन तलाशी ले रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां कोई अन्य आतंकवादी छिपा न हो। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।








