नई दिल्ली (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-16 स्थित पॉकेट जी-5, एमसीडी स्कूल के पीछे निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कई मजदूर और अन्य लोग फंसे हो सकते हैं। दमकल विभाग के अनुसार, शाम करीब 4:20 बजे इमारत गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए दमकल की पांच गाडिय़ों को लगाया गया है, जबकि पुलिस और अन्य आपदा राहत एजेंसियां भी अभियान में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीमें मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने या घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन इमारत की संरचना कमजोर पड़ गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जबकि पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








