प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएंगे। यह घोषणा न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने शुक्रवार को की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ़्ते न्यूज़ीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। इस दौरान उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी और तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक और न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बहुत महत्वपूर्ण देश बताया।
लक्सन ने आगे लिखा, हम अप्रैल में हुए न्यूज़ीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के जरिए दोनों देशों के रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। इससे न्यूज़ीलैंड में ज़्यादा नौकरियां मिलेंगी, निर्यात बढ़ेगा और आर्थिक विकास मज़बूत होगा। इससे 140 करोड़ लोगों के बाज़ार में हमारे सामान और सेवाओं के निर्यात को बढ़ाने के नए मौके मिलेंगे, जिससे न्यूज़ीलैंड के समुदायों में ज़्यादा पैसा आएगा, नौकरियां पैदा होंगी और लोगों की आमदनी बढ़ेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुंचेंगे और 11 जुलाई तक प्रवास पर रहेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत और न्यूजीलैंड के बीच नई दिल्ली में अप्रैल में हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते के लगभग 2 महीने बाद हो रही है। दोनों देशों ने 16 मार्च 2025 को मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत का ऐलान किया था, जिसे रिकॉर्ड 9 महीनों में पूरा किया था। यह सबसे तेज समझौता बना है।








