दिल्ली में 10 वर्षीय बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या, 7 घंटे में ऐसे पकड़ा गया आरोपी

Join Us

नईदिल्ली,(आरएनएस)। दिल्ली के महरौली में 10 साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मुठभेड़ के दौरान उसे गोली लगी है। आरोपी कैब ड्राइवर ने 22 जून की सुबह महरौली के फुटपाथ से बच्ची को अगवा किया था। इसके बाद बलात्कार कर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया। आइए जानते हैं पुलिस ने कैसे घंटों के भीतर ही घटनाक्रम का खुलासा किया।
आरोपी ने 22 जून की सुबह करीब 4 बजे बच्ची को अगवा किया था। बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के छपरा का रहने वाला आरोपी बाशु कुमार सिंह घटना के वक्त नशे में था। वो उस इलाके में एक सवारी को लेने आया था, लेकिन बुकिंग रद्द होने के बाद उसकी नजर बच्ची पर पड़ी। इसके बाद उसने बच्ची को कैब में अगवा कर लिया।
एफआईआर के मुताबिक, बच्ची के पिता सुबह लगभग 4:15 बजे उठे और पाया कि उनकी बेटी गायब है। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी गाड़ी के अंदर चीख रही थी। उन्होंने कहा, हमें नहीं पता कि यह सब कैसे हुआ। मैं सो रहा था और जब मेरी नींद खुली तो मैंने देखा कि मेरी बेटी वहां नहीं थी। मैंने उसकी चीख सुनी। मैंने एक डंडा उठाया और कार के पीछे भागा, लेकिन वह भाग गई… उसका आखिरी शब्द पापा था।
परिवार ने पहले खुद लडक़ी को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे, तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 5:15 बजे एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और लडक़ी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार का पता लगाया। आरोपी बच्ची को 2 किलोमीटर दूर मंडी गांव ले गया। 6:30 से 7 बजे के बीच आरोपी ने कथित तौर पर फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर लडक़ी की हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने मेट्रो स्टेशन, मंडी गांव और छतरपुर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी नाबालिग के साथ कार में नजर आया। पुलिस ने इसी आधार पर ड्राइवर की पहचान कर उसे ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ के लिए ले जाया गया। अगले लगभग 5 घंटों तक पुलिस ने उससे पूछताछ की। आरोपी के निशानदेही के आधार पर पुलिस उसे घटनास्थल पर ले गई, जहां से बच्ची का शव बरामद किया गया।
रात 8:30 बजे पुलिस आरोपी को मंडी गांव रोड पर घटनास्थल का मुआयना करने के लिए ले गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने 2 पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की। आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली और उन पर गोली चलाई। एक पुलिसकर्मी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान आरोपी के पैर में भी गोली लग गई।

Previous articleअरुणाचल में भारी बारिश से आई बाढ़ ने मचाई तबाही, डूबे कई गांव, हाईवे पुल बहा
Next articleलखनऊ अग्निकांड: अखिलेश यादव बोले, समय पर कार्रवाई होती तो बच सकती थी बच्चों की जान