अमेरिकी हमले में 3 नागरिकों की मौत के बाद सरकार उच्चतम अलर्ट पर

Join Us

नईदिल्ली,(आरएनएस)। ओमान की खाड़ी में एक जहाज पर हुए हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई है। इसके बाद बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी में भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सरकार उच्चतम अलर्ट पर है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नाविकों को सहायता सुनिश्चित करने के लिए सरकार होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रही है और मित्र देशों के समुद्री प्रशासनों और जहाजरानी कंपनियों के साथ समन्वय में है। सरकार ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों को उच्च सतर्कता पर रहने और भारतीय नाविकों या भारतीय समुद्री हितों से जुड़ी किसी भी आकस्मिक स्थिति का जवाब देने के लिए तत्पर रहने के लिए कहा गया है।
इसके अलावा, जहाजों से अशांत जलक्षेत्र से गुजरने वाले नाविकों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। जहाज संचालकों, जहाज प्रबंधकों और शिपिंग कंपनियों को भी समुद्री प्रोटोकॉल का पालन करने और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
10 जून को एमटी सेत्तेबेल्लो नामक जहाज पर हमला हुआ था। इस जहाज पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे, जिनमें से 21 को बचा लिया गया था। वहीं, 3 भारतीय मारे गए। मृतकों की पहचान हिमाचल प्रदेश के रहने वाले आदित्य शर्मा (23), विशाखापट्टनम के पत्नाला सुरेश (44) और उत्तर प्रदेश के रहने वाले शिवानंद चौरसिया (38) के रूप में हुई है। तीनों के शव वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।
अमेरिका ने इस हफ्ते ओमान की खाड़ी में ऐसे 3 जहाजों पर हमला किया है, जिसके चालक दल में भारतीय थे। पहला हमला 8 जून को एमटी मैरीवेक्स पर हुआ था। इस पर 24 भारतीय थे, जिनमें से सभी को बचा लिया गया था। दूसरा हमला 10 जून को एमटी सेत्तेबेल्लो पर हुआ। इसमें 3 भारतीय मारे गए। तीसरा हमला 11 जून को एमटी जलवीर नामक जहाज पर हुआ। इस पर 20 भारतीय सवार थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी हमलों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, हमने कई ऐसे जहाजों को नष्ट किया है जिनके बारे में किसी को पता नहीं था। पिछले महीने हमने बड़े जहाजों को चुपचाप रात में नष्ट किया। हमने ईरान के रडार और सब कुछ नष्ट कर दिया ताकि वे देख न सकें कि क्या हो रहा है। बहुत जहाज, बहुत सारा तेल इस तरफ जा रहा है।

Previous articleएससी ने खारिज की मीनाक्षी नटराजन की याचिका, राज्यसभा चुनाव का रास्ता बंद
Next articleदिल्ली में फिर आग ने मचाई तबाही, तुगलकाबाद की पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 3 की मौत; 8 लोग झुलसे