भोपाल (आरएनएस)। प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते सोमवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में धूल भरी आंधी चली। वार्ड नंबर 20 में सरकारी स्कूल के पास तेज हवा से बिजली का पोल और पेड़ गिर पड़े। इससे एक कार को नुकसान पहुंचा। राऊ में बीच सडक़ पर बड़ा होर्डिंग गिर गया। इससे दोनों तरफ का ट्रैफिक रुक गया।महू में बायपास पर धूल भरी आंधी से ड्राइवरों को खासी परेशानी हुई। धार नाका इलाके में तेज हवा की वजह से पेड़ गिर गया। गोशाला में भागवत कथा समापन के दौरान भंडारे का टेंट उड़ गया। सामान भी बिखर गया।देवास में आंधी के चलते कई पेड़ गिर गए। खंभे झुकने से बिजली सप्लाई बंद हो गई। मकानों के टीनशेड उड़ गए। माता टेकरी की लाइटें क्षतिग्रस्त हो गईं। रूपा खेड़ी के पास मेरठी कांकड़ में दीवार गिरने से एक परिवार के सात लोग घायल हो गए। आगर-मालवा में आंधी से हार्डवेयर दुकान का शटर उखड़ गया।शाजापुर के अकोदिया मंडी में खुले में रखी उपज पूरी तरह भीग गई। पोलाय खुर्द में सडक़ों और गलियों में पानी भर गया। मक्सी के पास सिरोलिया गांव में बीएसएनएल का टावर टेढ़ा होकर झुक गया।सीहोर में शाम 4 बजे ही घने बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। स्ट्रीट लाइट चालू करनी पड़ी। चाणक्यपुरी कॉलोनी में बिजली की डीपी से करंट लगने के चलते दो बकरियों की मौत हो गई। अमलाहा सोंडा में ओले भी गिरे।राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में बारिश से मंडी परिसर में रखा करीब 4 हजार क्विंटल गेहूं भीग गया। नर्मदापुरम की सिवनी मालवा तहसील के ग्रामीण इलाकों में भी ओले गिरे। सतना, टीकमगढ़, गुना, बैतूल, राजगढ़ और शिवपुरी में कहीं धीमी, कहीं तेज बारिश हुई।
एमपी में 40 डिग्री से नीचे आया पारा, खंडवा में सबसे कम
आंधी-बारिश के दौर की वजह से सोमवार को मध्य प्रदेश में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.6 डिग्री, इंदौर में 38.1 डिग्री, ग्वालियर में 35.9 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री और जबलपुर में 38.6 डिग्री पारा रहा।
वहीं, दतिया में 34.4 डिग्री, पचमढ़ी में 33.6 डिग्री, गुना में 33.8 डिग्री और खंडवा में सबसे कम 32.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।








