जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग गोंडोला सेवा में आई तकनीकी खराबी, कई फिट ऊंचाई पर फंसे रहे 300 पर्यटक

Join Us

बारामूला,(आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में सोमवार को गोंडोला सेवा (केबल कार सेवा) में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद करीब 300 पर्यटक बीच हवा में फंस गए। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, नागरिक प्रशासन के कर्मचारी और सेना के जवानों ने अभियान चलाकर पर्यटकों को गोंडोला से नीचे उतारा। घटना का पता चलने पर तंगमर्ग के उप-मंडल मजिस्ट्रेट और तहसीलदार भी ऑपरेशन की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पर्यटकों से भरी कई कैबिन इधर से उधर लोगों को ले जा रही थी, तभी कुछ तकनीकी समस्या आई और सभी कैबिन हवा में लटकने लगे। इससे अफरा-तफरी मच गई और कैबिन में बैठे पर्यटक शोर मचाने लगे। तुरंत राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने जमीन से काफी ऊपर हवा में लटके कई पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया। घटना के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन शुरूआती जांच में ओवरलोडिंग को कारण बताया जा रहा है। फिलहाल, सभी राज्य एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार स्थिति पर करीब से नजर रख रही है, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी कहा कि वह बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
००

 

Previous articleसुप्रीम कोर्ट ने कहा-घटना दुर्भाग्यपूर्ण, निष्पक्ष जांच जरूरी
Next articleराष्ट्रपति भवन में पद्म अवॉर्ड सेरेमनी, रोहित शर्मा पद्मश्री और धर्मेंद्र मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित