बांग्लादेश में सरिया से लदा ट्रक खाई में पलटा, कम से कम 15 लोगों की मौत

Join Us

तडक़े मध्य बांग्लादेश के एक मुख्य हाईवे पर लोहे की छड़ें और अतिरिक्त यात्री ले जा रहा एक ट्रक पलट गया, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस प्रमुख फुआद हुसैन ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे तांगाइल जिले के सोराटोइल इलाके में हुई, जब ड्राइवर ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। यह जगह देश की राजधानी ढाका से 83 किलोमीटर (52 मील) उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
हुसैन ने बताया कि ट्रक में ऐसे यात्री सवार थे जो लिफ्ट लेकर यात्रा कर रहे थे। यह ट्रक ढाका से उत्तरी क्षेत्र की ओर जा रहा था, क्योंकि गुरुवार को होने वाले इस्लामी त्योहार ईद-उल-अज़हा से पहले लोग छुट्टियों के लिए अपने घरों की ओर निकल पड़े थे। उन्होंने बताया कि ट्रक पलटने से यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि मारे गए यात्रियों में से ज़्यादातर दिहाड़ी मज़दूर थे और वे त्योहार मनाने के लिए अपने परिवारों से मिलने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने टीवी चैनलों को बताया कि शोर सुनकर वे घटनास्थल की ओर दौड़े और ट्रक में फंसे यात्रियों को बचाने का काम शुरू कर दिया।
17 करोड़ से ज़्यादा आबादी वाले इस देश में हर साल सडक़ दुर्घटनाओं में हज़ारों लोगों की जान चली जाती है। इसकी मुख्य वजहें ट्रैफिक नियमों की ढीली निगरानी, सडक़ों की खराब हालत और अकुशल ड्राइविंग हैं।

Previous articleट्रंप ने ईरान समझौते में जल्दबाजी न करने को कहा, बोले- दोनों पक्षों को लेना चाहिए समय
Next articleपाकिस्तान में दर्दनाक हादसा, बस की टक्कर से 17 लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी