पश्चिम बंगाल की फाल्टा सीट पर मतदान जारी, टीएमसी उम्मीदवार के पीछे हटने से मुकाबला कड़ा

Join Us

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में आने वाली फाल्टा विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से पुनर्मतदान शुरू हो चुका है। यहां के 285 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच लोग वोट डालने के लिए कतार में खड़े हैं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा और वोटों की गिनती 24 मई को होगी। सीट पर लगभग 1.15 लाख महिलाएं और 9 तृतीय-लिंगी मतदाताओं सहित 2.36 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं।
डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के तहत आने वाली इस सीट पर 29 अप्रैल को बंगाल के दूसरे चरण के तहत मतदान हुआ था, लेकिन चुनाव आयोग ने गंभीर धांधली का हवाला देते हुए चुनाव रद्द कर दिया गया। आरोप था कि फाल्टा के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को डराया और धमकाया गया और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में छेड़छाड़ कर विपक्षी उम्मीदवारों के नाम छिपा दिए गए थे। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे।
डायमंड हार्बर से ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी सांसद हैं। यह इलाका तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का एक प्रमुख गढ़ माना जाता है। चुनाव से 2 दिन पहले टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान ने नाटकीय रूप से अपना नाम वापस ले लिया, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। हालांकि, यहां से भाजपा ने देबांशु पांडा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने शंभूनाथ कुर्मी और कांग्रेस ने अब्दुर रज्जाक मोल्ला को उतारा है। भाजपा ने बंगाल में 293 में 207 सीट जीती है।

Previous articleदिल्ली हवाई अड्डे पर इबोला को लेकर अलर्ट, इन देशों से आने वाले यात्रियों पर नजर
Next articleप्रधानमंत्री मोदी ने बुलाई महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक, सभी मंत्रियों को दिल्ली में रहने का आदेश