हरियाणा के झज्जर जिले में गैंगवार के चलते एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हितेश उर्फ गुल्लू निवासी गांव सुबाना के रूप में हुई। वारदात उस समय हुई, जब हितेश अपने घर के बाहर मौजूद था।
इसी दौरान बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए 3 से 4 युवकों ने आते ही उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर 20 से 25 राउंड फायरिंग की गई। गोलियां लगने से हितेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस के मुताबिक, मामला पुरानी रंजिश का है। एक आरोपी की पहचान हो गई है, जिस पर मृतक पक्ष की ओर से कुछ दिन पहले फायरिंग की गई थी। मामला गैंगवार से जुड़ा माना जा रहा है। पता किया जा रहा है कि दोनों किस गैंग से जुड़े हैं।
मामले में एक आरोपी की पहचान डीकेश कुमार निवासी गिरधरपुर के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।








