रोजगार मेले के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
नर्मदापुरम/ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय, नर्मदापुरम द्वारा बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार मेला” का आयोजन 14 मई 2026 को पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय, सोहागपुर में किया जाएगा। रोजगार मेले के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन हेतु कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। रोजगार मेले के संपूर्ण आयोजन का प्रभार अपर कलेक्टर नर्मदापुरम श्री बृजेन्द्र रावत को सौंपा गया है, जबकि मेले के लिए नोडल अधिकारी के रूप में अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर सुश्री प्रियंका भल्लावी को नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त आयोजन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं एवं समन्वय कार्यों के लिए भी विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इनमें ग्रू एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, मोहसा औद्योगिक क्षेत्र, ट्राइडेट बुधनी, वर्धमान बुधनी, टीएम गुजरात, पांडव होटल्स, आईसर, मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड अब्दुल्लागंज, टाटा मोटर्स सहित कुल 20 कंपनियां शामिल होंगी। रोजगार मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक इच्छुक युवक-युवतियों से रोजगार मेले में उपस्थित होकर अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए हैं कि स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही स्वरोजगार प्रकरणों के पंजीयन एवं हितग्राहियों के ऋण प्रकरण वितरण की कार्यवाही भी की जाएगी। आईटीआई द्वारा अप्रेंटिसशिप संबंधी जानकारी एवं पॉलिटेक्निक द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव संबंधी कार्यवाही की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, वहीं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा नशा मुक्ति शिविर लगाया जाएगा। एलडीएम द्वारा मुद्रा लोन एवं अन्य वित्तीय योजनाओं की जानकारी हेतु विशेष स्टॉल स्थापित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक इच्छुक युवक-युवतियों से रोजगार मेले में उपस्थित होकर अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।








