नर्मदापुरम/ शनिवार शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पिपरिया में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जल संरक्षण पर व्याख्यान एवं लघु फिल्म प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अनिता सेन ने जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा जल के अपव्यय को रोकने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. एस. के. मेहरा ने अपने उद्बोधन में जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है। भविष्य में जल संकट से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जल संरक्षण के प्रति जागरूक एवं उत्तरदायी बनना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जल संरक्षण की महत्ता को प्रभावी ढंग से समझाने के लिए पुरस्कार विजेता लघु फिल्म ‘UDAK’ का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से जल के महत्व तथा उसके संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. किटी मौर्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राजीव माहेश्वरी, डॉ. आर. जी. पटेल, प्रो. एस. के. बघेल, डॉ. राकेश कुमार दिलावरे, डॉ. प्रीति राजपूत, डॉ. जयराम जामहरे, डॉ. संगीता साहू, डॉ. अनिता साहू, श्रीमती बीना सनोडिया सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






