बोदी वेयरहाउस मे गोदाम सर्वेयर प्रभारी को नोटिस देने के दिए निर्देश
निर्माणाधीन सांदीपनी स्कूल का निर्माण कार्य पूर्ण कर जुलाई में हैंडोवर करने के दिए निर्देश
जनपद पंचायत कार्यालय पिपरिया का निरीक्षण कर व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने के दिए निर्देश
नर्मदापुरम/ नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर श्री श्रीकांत बनोठ एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को अपने प्रशासनिक अमले के साथ सोहागपुर पहुंच कर वहां दो वेयरहाउस का निरीक्षण कर उपार्जन की प्रक्रिया का अवलोकन किया और गेहूं खरीदी के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कमिश्नर एवं कलेक्टर सोहागपुर के ग्राम केवलारी के रितु वेयरहाउस पहुंचे उन्होंने गेहूं उपार्जन का निरीक्षण किया साथ ही वहां पर उपस्थित किसानों से उपार्जन संबंधी चर्चा की। खरीदी केंद्र प्रभारी ने बताया कि हम्मालों की कमी के चलते गेहूं तुलाई की प्रक्रिया धीमी है फिर भी यथासंभव जो किसान उपार्जन केंद्र में आ रहे हैं उनकी प्राथमिकता से गेहूं की तुलाई की जा रही है। कमिश्नर श्री बनोठ ने सर्वेयर को निर्देश दिए कि वे किसी भी स्थिति में अमानक गेहूं का उपार्जन न करें। अपितु किसानों से एफएक्यू स्तर का साफ सुथरा गेहूं ही लेवे। उन्होंने निर्देश दिए की ओपन स्टेक की मैपिंग भी अनिवार्य रूप से की जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कमिश्नर को अवगत कराया की गेहूं उपार्जन का अब तक लगभग 80% राशि का भुगतान संबंधित किसानों को किया जा चुका है। इस दौरान उन्होंने किसानों के लिए विशेष तौर पर तैयार मेडिकल किट का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि यदि कोई किसान बीमार हो रहा है या उसे किसी प्रकार की स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कत है तो मेडिकल किट का उपयोग प्राथमिकता से कर किसानों को राहत दी जाए। इस दौरान कमिश्नर ने पटवारी प्राची काकोड़िया को निर्देश दिया कि वह प्रतिदिन वेयरहाउस आकर उपार्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित कराए।








