बंगाल : कैबिनेट बैठक से पहले पार्टी नेताओं से मिलेंगे सुवेंदु, लॉकेट चटर्जी बोलीं- यह कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा दिन

Join Us

पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को पहली कैबिनेट बैठक होगी। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने बताया कि कैबिनेट बैठक से पहले भाजपा संगठन की मीटिंग होगी, जहां पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बारे में भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। विपक्ष के नेता से मुख्यमंत्री बनने तक का यह सफर हम सभी के साथ-साथ उनके लिए भी बहुत मुश्किल रहा है। अब यह सपना सच हो गया है और हमारे कार्यकर्ता बहुत खुश हैं। उन्होंने इसके लिए अपने घर, समय और सब कुछ छोडक़र बहुत कुछ दिया है।
उन्होंने कहा कि बंगाल में आज भाजपा की सरकार है। जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है। बंगाल सरकार की पहली बैठक आज होगी। उससे पहले भाजपा की एक बैठक होगी, जिसमें सुवेंदु अधिकारी कार्यकर्ताओं की आशीर्वाद लेंगे।
पश्चिम बंगाल में पहली कैबिनेट बैठक को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा, सरकार को ऐसा काम करना है, जो एक मिसाल बने। इसलिए थोड़ा भी समय नहीं गंवाना है। बंगाल की तरक्की की राह पर लेकर रहेंगे।
वहीं, पश्चिम बंगाल कैबिनेट की बैठक पर भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा, सुशासन होना चाहिए, और आगे चलकर यहां शिक्षा को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उद्योगों को भी लाया जाना चाहिए और कुल मिलाकर विकास होना चाहिए। इसके साथ ही, रोजगार के अवसर बढऩे चाहिए और महिलाओं व सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए। बंगाल में जनसांख्यिकीय संतुलन को ठीक से बनाए रखा जाना चाहिए।
बता दें कि सुवेंदु अधिकारी ने 9 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर से ममता बनर्जी को हराया। इसके साथ ही, वे नंदीग्राम विधानसभा सीट से भी चुनाव जीते। इसके बाद भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री चुना था। सोमवार को वे अपनी पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

Previous articleकुर्सी छिनते ही ममता बनर्जी को आई ‘पुराने दुश्मनों’ की याद, कांग्रेस और लेफ्ट ने ठुकराया ऑफर
Next articleकेंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भेरूंदा से पीएमजीएसवाई-आईवी का किया शुभारंभ, एमपी को दी हजारों करोड़ रुपए की बड़ी सौगात