हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को ओमैक्स सिटी क्षेत्र से पकड़ा गया, जिनमें एक सोनीपत और दो अन्य राज्यों के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी और पांच लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसयूएजी प्रभारी निरीक्षक अजय धनखड़ के अनुसार आरोपी फर्जी मोबाइल एप के जरिए विदेशी नागरिकों, खासकर अमेरिकी लोगों को निशाना बनाते थे। एप डाउनलोड होते ही पीडि़तों के फोन हैक कर बैंक खाते और डिजिटल वॉलेट से रकम ट्रांसफर कर ली जाती थी।
तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर गिरोह को पकड़ा। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों का खुलासा हो सकता है।








