मध्य प्रदेश में आज 27 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 6 मई तक बदला रहेगा मौसम

Join Us

भोपाल, (निप्र.)। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में इन दिनों आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार को राजधानी भोपाल सहित 20 से अधिक जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में यह स्थिति 6 मई तक बनी रह सकती है।रविवार के लिए प्रदेश के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। भोपाल में बारिश हुई। रायसेन जिले में तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। छुछार गांव स्थित हरशिव वेयरहाउस की टीन शेड उड़ गई, जहां करीब 5000 मीट्रिक टन सरकारी मूंग भंडारित थी। बरेली और बाड़ी क्षेत्रों में भी अनाज भीगने से सरकारी खरीदी प्रभावित हुई है। सीहोर जिले के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। बोरदी स्थित विनायक वेयरहाउस के बाहर करीब 2 किलोमीटर तक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी फसल भीग गई।

Previous articleपांच राज्य पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी के चुनाव नतीजे आज
Next articleरील बनाने टंकी पर चढ़े 5 बच्चे, एक की मौत; 2 को वायुसेना ने बचाया