रील बनाने टंकी पर चढ़े 5 बच्चे, एक की मौत; 2 को वायुसेना ने बचाया

Join Us

सिद्धार्थनगर, (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रील बनाने के लिए 5 बच्चे 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। उतरते हुए सीढ़ी टूट गई और 3 बच्चे नीचे गिर गए, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं, 2 बच्चे टंकी पर फंस गए, जिन्हें 16 घंटे बाद वायुसेना ने सुरक्षित निकाला है।यह घटना सिद्धार्थनगर के कांशीराम आवास इलाके की है। शनिवार दोपहर को यहां 5 बच्चे रील बनाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। उतरते वक्त 3 बच्चे सीढ़ी पर एक साथ खड़े हो गए, जिससे सीढ़ी टूट गई और तीनों करीब 50 फीट की ऊंचाई से गिर गए। घटना में 13 साल के सिद्धार्थ की मौत हो गई। वहीं, 11 साल के सनी और 14 साल के सोनू को सीने में गंभीर चोट आई है।रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चों को उतारने के लिए पहले क्रेन मंगवाई गई, लेकिन टंकी के आसपास दलदल होने की वजह से क्रेन नजदीक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद रातोंरात सडक़ बनाने का काम शुरू हुआ, लेकिन 3 बजे बारिश शुरू हो गई, जिस वजह से सडक़ भी नहीं बन सकी। इस दौरान जिलाधिकारी (डीएम) शिवशरणप्पा जीएन और एसएसपी अभिषेक महाजन सहित सभी बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। रातभर पुलिस बल भी डटा रहा।
वायुसेना ने कहा, राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुरोध पर, सेंट्रल एयर कमांड के एमआई 17 वी5 हेलीकॉप्टर को 2 फंसे हुए बच्चों को बचाने के लिए तैनात किया गया। ये बच्चे सिद्धार्थ नगर में पानी की टंकी के ऊपर फंस गए थे, क्योंकि सीढ़ी टूट गई थी। यह बचाव अभियान एक बार फिर वायुसेना के पेशेवर रवैये और जरूरत के समय तेजी से कार्रवाई करते हुए लोगों की जान बचाने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डीएम शिवशरणप्पा ने बताया कि टंकी पर फंसे रह गए पवन (14) और शाबान (12) को नीचे उतारने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन अचानक हुई बारिश के कारण कार्य बाधित हो गया। इसके बाद तत्काल सेना के हेलीकॉप्टर की सहायता लेने का फैसला लिया गया और मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत एवं आपदा विभाग से संपर्क किया गया। फिर गोरखपुर से वायुसेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और सुबह 5:20 बजे बच्चों को उतारा गया।

Previous articleमध्य प्रदेश में आज 27 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 6 मई तक बदला रहेगा मौसम
Next articleबरगी डैम क्रूज हादसे के चौथे दिन दो और शव मिले, मृतकों का आंकड़ा 13 हुआ