बॉयफ्रेंड के कपड़े उतारे, आंखों पर पट्टी बांधी और जिंदा जलाया; गर्लफ्रेंड ने वेस्टर्न-स्टाइल प्रपोज़ल की दी थी लालच

Join Us

बेंगलुरु में एक गर्लफ्रेंड ने अपने बॉयफ्रेंड को अपने घर में बुलाया और वेस्टर्न स्टाइल प्रपोजल का बहाना बनाते हुए उसके कपड़े उतारे, आंखों पर पट्टी बांधी और फिर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी। पुलिस ने अपने बॉयफ्रेंड को जि़ंदा जलाने के आरोप में 27 वर्षीय गर्लफ्रेंड को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक किरण और प्रेरणा पिछले लगभग 2 सालों से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे। मंगलवार की दोपहर करीब 2 बजे किरण अपनी गर्लफ्रेंड प्रेरणा के घर पहुंचा था, क्योंकि प्रेरणा ने ही उसे अपने घर बुलाया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेरणा ने मृतक किरण को वेस्टर्न-स्टाइल प्रपोज़ल देने के बहाने से अपने जाल में फंसाया और उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी।
आरोप है कि प्रेरणा ने किरण की आंखों पर पट्टी बांध दी, उसके हाथ-पैर कुर्सी से बांध दिए, और जब किरण ने इतनी सख्ती से बांधे जाने पर सवाल उठाया, तो उसने उसे यह कहकर दिलासा दिया कि यह विदेशों में काफ़ी मशहूर एक ट्रेंड का हिस्सा है। पुलिस ने बताया कि महिला ने पहले उसके कपड़े उतारे और उसका ध्यान भटकाया, फिर उस पर पेट्रोल और केरोसिन डाला, जिसे उसने पहले से ही ले कर रखा था और फिर उसे आग लगा दी। किरण की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फ़ोन पर रिकॉर्ड भी किया था। उस फुटेज को ज़ब्त कर लिया गया है और अहम सबूत के तौर पर उसकी जांच की जा रही है।
शुरुआत में, प्रेरणा ने जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की; उसने दावा किया कि जब उसे एक ज़ोरदार धमाके की आवाज़ सुनाई दी, तब वह बाथरूम में थी, और बाद में उसने देखा कि किरण ने खुद को आग लगा ली थी। हालांकि, घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस अधिकारियों को शक हो गया। पुलिस उपायुक्त डी.एल. नागेश ने बताया कि पहली नजऱ में यह आत्महत्या का मामला लग रहा था, लेकिन जांच में यह साबित हो गया कि यह एक हत्या थी। आगे की जांच से पता चला कि इस अपराध में इस्तेमाल किया गया पेट्रोल आरोपी प्रेरणा ने ही जुटाया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Previous articleपत्नी और बच्चों का खर्च नहीं उठा सकते तो शादी ही मत करो, इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
Next articleहमारे सारे पड़ोसी ठीक,बस एक ही परेशान करने वाला…..जर्मनी से राजनाथ सिंह ने बोला पाकिस्तान पर हमला