वाशिंगटन (ए)। अमेरिका के राष्ट्रपति भवन ‘व्हाइट हाउस’ के बाहर बुधवार सुबह उस वक्त भारी हडक़ंप मच गया, जब एक वैन सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस दुस्साहसिक घटना ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं, क्योंकि ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण अमेरिका में पहले से ही हाई अलर्ट है। सीके्रट सर्विस और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैन के ड्राइवर को मौके पर ही दबोच लिया। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि घटना के वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अनुसार, यह खौफनाक घटना सुबह करीब 6:37 बजे हुई। सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि एक संदिग्ध वैन ने कनेक्टिकट एवेन्यू और एच स्ट्रीट (नॉर्थवेस्ट) के जंक्शन पर लगे अभेद्य सुरक्षा बैरिकेड को चकनाचूर कर दिया है। यह जगह लाफायेट पार्क के उत्तर-पश्चिमी कोने पर एग्जीक्यूटिव मेंशन के ठीक करीब स्थित है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सीक्रेट सर्विस के वाहनों ने तुरंत इलाके को अपने घेरे में ले लिया और उस ओर जाने वाली सभी सडक़ों को पूरी तरह से सील कर दिया।
ट्रैफिक जाम से थमी शहर की रफ्तार, चप्पे-चप्पे पर पहरा
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अचानक की गई इस नाकाबंदी के चलते वाशिंगटन की सडक़ों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। सुबह के व्यस्त समय में दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस पूरी घटना में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित हैं और जानकारी के मुताबिक, बाद में उनका ओहियो और केंटकी जाने का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही था। मिडिल-ईस्ट के तनाव को देखते हुए दुनिया भर में अमेरिकी चेकपोस्ट और देश के संवेदनशील ठिकानों पर सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी गई है।








