कुख्यात राजू ईरानी को भोपाल कोर्ट में पेश, कोर्ट ने 17 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। निशातपुरा पुलिस कुख्यात राजू ईरानी को प्रोडक्शन वारंट पर रविवार को सूरत से भोपाल ले आई है। यहां उसकी चार मामलों में गिरफ्तारी की गई है। रविवार शाम को राजू को भोपाल की जिला कोर्ट में पेश किया गया है। यहां से उसे कोर्ट ने 17 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने रविवार शाम को राजू को भोपाल की जिला कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने 17 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। इसके बाद आरोपी से रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे उसके नेटवर्क और पुराने मामलों से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना है। शनिवार दोपहर सूरत क्राइम ब्रांच ने राजू ईरानी को गिरफ्तार किया था। भोपाल पुलिस की टीम उसे सूरत से लेकर भोपाल पहुंची। बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान राजू ईरानी सूरत में अपने साढ़ू भाई के घर पनाह लेकर रह रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
पूछताछ के दौरान राजू ईरानी अलग-अलग कहानियां बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
उसने खुद को एक प्रॉपर्टी डीलर बताया और दावा किया कि वह कई सालों से अपराध की दुनिया से तौबा कर चुका है। आरोपी ने यह भी कहा कि समाज के कुछ गलत लोगों के कारण उसकी बदनामी हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसने स्वयं को किसी डेरे का सरदार होने की बात से भी इंकार किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजू ईरानी के खिलाफ बीते साल हत्या के प्रयास और आगजनी का गंभीर मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा भोपाल के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बहराइच और मुंबई में भी उसके खिलाफ ठगी और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सूरत से पहले राजू ईरानी ईरान भी फरारी काटने गया था। वहां से उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिससे उसकी लोकेशन को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुई थीं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े नेटवर्क, पुराने अपराधों और फरारी के दौरान मिली मदद को लेकर पूछताछ कर रही है।

Previous article1101 ट्रैक्टरों की ऐतिहासिक रैली के साथ कृषक कल्याण वर्ष 2026 का शुभारंभ
Next articleयुवक ने फांसी लगाकर जान दी