खरखेड़ी के नाव घाट और टिगरिया के बाजार घाट शीघ्र निर्माण के लिए पहल

Join Us

सरपंच प्रतिनिधि राहुल गौर ने भोपाल में अधिकारियों से किया संपर्क

सांसद विधायक के पत्रों व ग्राम पंचायत के प्रस्तावों को अफसरों के समक्ष किया प्रस्तुत

बलराम शर्मा

नर्मदापुरम। डोलरिया। मां नर्मदा के पावन तट पर स्थित राष्ट्रकवि भवानी प्रसाद मिश्र की जन्म स्थली ग्राम खरखेड़ी टिगरिया, और मां नर्मदा के अनन्य भक्त ब्रम्हाऋषि श्री गौरीशंकर जी महाराज की सचेत प्रसिद्ध समाधि स्थल ग्राम खोकसर के घाटों के निर्माण में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा दी गई स्वीकृति के लिए ग्राम पंचायत खरखेड़ी की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी रामविलास गौर व सरपंच प्रतिनिधि राहुल गौर के द्वारा भोपाल पहुंच कर अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए घाटों के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने की पहल करने का अनुरोध किया गया। राहुल गौर से प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल पहुंचकर खोकसर के घाट निर्माण की स्वीकृति देने हेतु अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत खरखेड़ी के ग्राम खरखेड़ी के नाव घाट और ग्राम टिगरिया के बाजार घाट पर घाट निर्माण के लिए सांसद दर्शन सिंह चौधरी, व विधायक प्रेमशंकर वर्मा के पत्रों के साथ पंचायत का प्रस्ताव दिया गया है।

सांसद विधायक ने की है अनुसंशा

उक्त घाटों के संबंध में क्षेत्र के सांसद व विधायक के द्वारा नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को पत्र के माध्यम से घाट और पिचिंग निर्माण कराने का आग्रह किया है।

श्री गौर ने बताया कि खोकसर में भी घाट निर्माण की स्वीकृति हुई है। इस मामले में क्षेत्र के दो दिग्गज नेता पूर्व जनपद अध्यक्ष स्व. श्याम सुंदर गौर, व कांद्राखेड़ी निवासी वरिष्ठ नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्व. हरि पटेल के द्वारा शासन प्रशासन स्तर पर पूर्व में पहल की जा रही थी। वर्ष 2018 में इस घाट की स्वीकृति भी हो गई थी। करीब 5 करोड़ की लागत स्वीकृत हुई थी। कुछ तकनीकी कारणों से क्षेत्र के नागरिकों की यह महत्वपूर्ण मांग पूरी नहीं हो पा रही थी। इस संबंध में क्षेत्र के सांसद व विधायक का भी ध्यानकर्षण कराया गया था। ब्रम्हाऋषि श्री गौरीशंकर जी महाराज की सचेत प्रसिद्ध समाधि होने से तथा मां नर्मदा और केवलारी नदि के संगम स्थल होने से यह स्थान और भी प्रसिद्धि लिए हुए है। यहां वर्ष भर बड़ी संख्या में अनेक श्रद्धालु आते हैं।

मां नर्मदा की परिक्रमा करने वाले संत महात्माओं का निरंतर आना जाना लगा रहता है। यहां तक कि मां नर्मदा के अनन्य भक्त दादागुरू संत भैयाजी सरकार, पूर्व केंद्रीय मंत्री वर्तमान मप्र शासन के केबिनेट मंत्री मां नर्मदा भक्त प्रह्लाद पटेल सहित श्रद्धालुओं का आवागमन होता है।

ग्राम पंचायत खरखेड़ी की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी रामविलास गौर व सरपंच प्रतिनिधि राहुल गौर के द्वारा भी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से खोकसर घाट निर्माण के लिए सतत प्रयास किए जा रहे थे। घाट निर्माण के लिए राशि बढ़ाने के प्रयास भी किए गए। सरपंच प्रतिनिधि राहुल गौर ने बताया कि खुशी की बात है कि वर्षों से प्रतीक्षित खोकसर घाट के निर्माण का टेन्डर गत दिनों ऑनलाइन जारी हो गया है। यह घाट 9 करोड़ 11 लाख की लागत से बनना है। स्वीकृति होने के बाद अब उम्मीद बंध गई है कि आगामी फ़रवरी माह तक यह महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ हो जाएगा और 11 महीने की अवधि में यह काम पूरा होने की संभावना है।

सोशल मीडिया पर प्रशंसा

सरपंच प्रतिनिधि की सक्रियता को देखते हुए ग्रामीण अंचल के सोशल मीडिया ग्रुप पर उनके द्वारा प्रयास किए जाने की प्रशंसा की जा रही है। हो भी क्यों नहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को ऐसा ही करना चाहिए।

Previous articleराधारानी पधारो आज कुंजन में स्वयंवरम गार्डन में रासलीला आरम्भ
Next articleनपा में नेशनल लोक अदालत का आयोजन