नर्मदापुरम। पुण्य पावनी नर्मदा नदी के नैसर्गिक वैभव एवं धार्मिक सांस्कृतिक महात्म्य से अनुप्राणित डाॅ नर्मदा प्रसाद सिसोदिया की सद्य प्रकाशित कृति रेवा के रंग.रूपों का विमोचन गरिमापूर्ण कार्यक्रम में संपन्न हुआ। एसपीएम के कामगार कल्याण केंद्र में रामकृष्ण विवेकानंद वेदांत समिति द्वारा आयोजित भक्त सम्मेलन के मंच से नित्य ज्ञानानंद जी
दिव्यानंद जी, प्रभुतानंद जी, लक्ष्मीनारायणजी आदि विद्वत्. संतजनों ने समवेत् विमोचन कर कृतिकार को आशीर्वाद दिया। विमोचन के अवसर पर उनके कविमित्र बाबूलाल कदम सहित अन्य अनेक लोग मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि नर्मदानुरागी कृतिकार डाॅ सिसौदिया अपने जीवन में नर्मदा की दिव्य अनुभूतियों से ओतप्रोत रहते हैं। वे ललित निबंधकार के रूप साहित्य जगत् में प्रतिष्ठित हैं। आप पार्शवर्ती रतबाड़ा के ग्राम वासी हैं संप्रति नर्मदापुरम में निवासरत हैं। उनकी अन्य कृतियाँ प्रकाशनाधीन हैं।






