-मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कवियों को किया सम्मानित
भोपाल, (विलक्षण सक्सेन)। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग तथा उनकी धर्मपत्नी स्व. श्रीमती प्रसून सारंग की पुण्यस्मृति में शनिवार को अशोका गार्डन में एक भव्य एवं गरिमामय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मंत्री श्री सारंग ने समारोह के दौरान सभी आमंत्रित कवियों को शॉल-श्रीफल एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस साहित्यिक संध्या में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, हास्य, श्रृंगार और व्यंग्य से भरपूर रचनाओं के माध्यम से स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग एवं स्व. श्रीमती प्रसून सारंग को काव्यांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान हास्य कविताओं ने जहाँ श्रोताओं को ठहाकों से गूंजाया, वहीं वीर रस की कविताओं ने वातावरण में उत्साह और देशभक्ति का संचार किया। देर रात तक चली इस काव्य-गोष्ठी में कवियों ने अपनी एक से बढक़र एक रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।
स्व. श्री कैलाश सारंग का जीवन सभी के लिये प्रेरणा
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भाजपा के संस्थापक सदस्य और अपने पूज्य पिताश्री स्वर्गीय श्री कैलाश सारंग जी की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज की एकता, संगठन की मजबूती और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित किया। उनके आदर्श विचार, अनुशासन और प्रतिबद्धता आज भी हम सभी को समाज सेवा के प्रति निष्ठा और विनम्रता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कवियों ने दी उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ
कवि सम्मेलन में मालवा के हास्य कवि जॉनी बैरागी, इंदौर की श्रृंगार रस कवियित्री श्रीमती भुवन मोहिनी, नेपाल के लाफ्टर फेम कवि लक्ष्मण नेपाली, इटावा के वीर रस कवि राम भदावर, बैतूल के गीतकार अनूप कुमार, शुजालपुर के हास्य व्यंग्य कवि गोविंद राठी, नोएडा के राष्ट्रवादी कवि अमित शर्मा तथा अहमदाबाद की गीत-गज़़ल कवियित्री सुश्री आयुषी राखेचा ने मंच से अपनी बेहतरीन रचनाएँ प्रस्तुत कीं। भोपाल के कवि श्री धर्मेंद्र सोलंकी ने प्रभावी मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम की गरिमा में और वृद्धि की।
श्रोताओं की रही भारी उपस्थिति
विराट कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, स्थानीय नागरिक, सामाजिक प्रतिनिधि एवं युवा शामिल हुए। श्रोताओं की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल और अविस्मरणीय बनाया। कार्यक्रम में भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।








