आतंकी खतरे को लेकर बोले खडग़े- केंद्र सरकार जवाबदेही से भाग नहीं सकती

Join Us

नई दिल्ली,(ए)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने दिल्ली विस्फोट के बाद जम्मू-कश्मीर के नौगाम थाने में हुए विस्फोट में मरने वालों के प्रति दुख जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपनी जवाबदेही से भाग नहीं सकती है। इसी के साथ उनहोंने आतंकवाद के खतरे पर चर्चा के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग भी की।
कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए कहा, कि यह जानकर बहुत दु:ख हुआ कि जम्मू-कश्मीर के नौगाम स्थित एक थाने में हुए विस्फोट में 9 लोगों की जान चली गई और 24 लोग घायल हो गए। उन परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इसी के साथ उन्होंने कहा, कि सभी घायलों का शीघ्र और उचित इलाज किया जाना चाहिए और पीडि़तों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए। यहां खडग़े ने कहा, कि यह घटनाक्रम दिल्ली स्थित लाल किले के करीब हुए कायराना आतंकवादी हमले के कुछ दिनों बाद ही हुआ है और यह केंद्र सरकार के लिए खुफिया तंत्र और आतंकवाद-रोधी तंत्र को मजबूत करने के लिए भी एक चेतावनी है। ऐसे में वह जवाबदेही से भाग नहीं सकती है।
यहां खडग़े ने इस बात पर खास तरह से जोर दिया, कि कांग्रेस आतंकवाद के अभिशाप के विरुद्ध राष्ट्र के साथ एकजुट है। खडग़े ने कहा, हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर, आतंकवाद के बढ़ते खतरे पर चर्चा के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की तत्काल आवश्यकता है। खासतौर पर तब जबकि ऐसे आतंकवाद को बाहरी ताकतों से लगातार समर्थन मिल रहा है।
राहुल ने भी जताया दुख
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी नौगाम विस्फोट हादसे में मृत हुए लोगों के प्रति दुख जताया और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए कहा, जम्मू कश्मीर के नौगाम पुलिस थाने में हुए विस्फोट में अनेक सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु और अनेक का घायल होना बहुत ही पीड़ादायक और चिंताजनक है। उन्होंने आग कहा, कि सूचना है कि यह भीषण हादसा लाल किले के करीब हुए आतंकी हमले से जुड़े विस्फोटकों की जांच के दौरान हुआ। इस घटना में शहीद हुए लोगों को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।

Previous articleबिहार दुनिया को राजनीति सिखाता है, कांग्रेस को अब कोई नहीं बचा सकता, बिहार ने दिया जवाब : पीएम मोदी
Next articleपूर्व राज्यसभा सांसद स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग एवं स्व. श्रीमती प्रसून सारंग की पुण्यस्मृति में विराट कवि सम्मेलन