डोनाल्ड ट्रंप का मास्टरस्ट्रोक : मस्क के सहयोगी जेरेड इसाकमैन को सौंपी नासा की कमान

Join Us

न्यूयॉर्क, (आरएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच भले ही अक्सर नोकझोंक की खबरें सामने आती रही हों, मगर इसी बीच ट्रंप ने बड़ा दांव चल दिया है। उन्होंने मस्क के करीबी और स्पेस एक्स मिशन से जुड़े रहे जेरेड इसाकमैन को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की कमान सौंप दी है।
जेरेड ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए ट्रंप के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की है। दिलचस्प बात यह है कि मस्क से रिश्ते बिगडऩे के बाद ट्रंप ने ही पहले जेरेड को नासा से हटा दिया था। उस समय उनकी जगह अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी को नासा का अंतरिम प्रमुख नियुक्त किया गया था। अब ट्रंप ने जेरेड को फिर से वही जिम्मेदारी सौंप दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, मुझे जेरेड इसाकमैन को नासा के प्रशासनिक अधिकारी के रूप में नामित करते हुए खुशी हो रही है। वे एक बेहतरीन बिजनेस लीडर, पायलट और अंतरिक्ष यात्री हैं। हालांकि, इस नियुक्ति को अंतिम रूप देने के लिए संसद की मंजूरी जरूरी है, लेकिन फिलहाल बहुमत ट्रंप की पार्टी के पास है। ऐसे में जेरेड के जल्द नासा प्रमुख बनने की पूरी संभावना है। ट्रंप ने आगे कहा, अंतरिक्ष के प्रति जेरेड का लगाव और उनका अनुभव ब्रह्मांड के रहस्यों को सुलझाने में मदद करेगा। इससे अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। जनवरी 2025 में सत्ता संभालने के बाद ट्रंप ने एलन मस्क की सिफारिश पर ही जेरेड को नासा प्रमुख नियुक्त किया था। जेरेड को मस्क का करीबी माना जाता है। वे 2021 में स्पेस एक्स के पहले सिविलियन स्पेस मिशन इंस्पिरेशन 4 के कमांडर भी रह चुके हैं। अब उम्मीद है कि वे नासा के आगामी मंगल मिशन में भी अहम भूमिका निभाएंगे।

Previous articleपत्नी फांसी के फंदे पर लटकती मिली, पति लापता, केंट की गली नम्बर 19 में घटना से सनसनी
Next articleअमेरिका में अब तक का सबसे लंबा शटडाउन,अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान