जबलपुर. एमपी के जबलपुर में केन्ट की गली नम्बर 19 में आज उस वक्त सनसनी फैल गई. जब एक किराए के मकान में रहने वाली महिला अंजू फांसी के फंदे पर लटकते मिली. अंजू की मौत का पता भी उस वक्त चला है जब घर से बदबू आने लगी. मकान मालिक ने देखा तो पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस को पूछताछ में पता चला कि अंजू अपने पति कार्तिक के साथ रहती थी. घटना के बाद से कार्तिक लापता है.
बताया गया है कि केन्ट के गली नम्बर 19 में विशाल केशरवानी के घर में अंजू व कार्तिक नामक युवक-युवती करीब एक साल पहले किराए से आकर रहने लगे. इस दौरान दोनों ने पति-पत्नी बताया था. दो दिन पहले कार्तिक घर से चला गया, इसके बाद वह किसी को भी दिखाई नहीं दिया. आज सुबह कमरे से उठ रही बदबू का अहसास होने पर मकान मालिक ने कमरे में झांककर देखा तो स्तब्ध रह गया. वहां पर अंजू फांसी के फंदे पर लटक रही थी. अंजू की लाश मिलने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई.
देखते ही देखते मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए, जिनके बीच घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया. पुलिस का कहना है कि अंजू की लाश करीब दो दिन से फांसी के फंदे पर लटक रही थी. जिसके चलते शव सड़ गल चुका है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया तो मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है.
पीएम रिपोर्ट आने के बाद भी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा. पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि बताया जा रहा है कि कार्तिक एक निजी बेकरी में नौकरी करता था. वही अंजू घर पर ही रहती थी माना जा रहा है कि दोनों ने शादी कर ली थी और एक साथ रह रहे थे. पुलिस ने मामले में पति कार्तिक की तलाश शुरु कर दी है, जिसके मिलने के बाद मामले का खुलासा हो पाएगा.








