कोल्ड्रिफ कफ सिरप केस में आरोपी डॉक्टर की पत्नी गिरफ्तार

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। 22 बच्चों की मौत से जुड़े जहरीले कफ सिरप मामले में लंबे समय से फरार चल रही सहआरोपी ज्योति सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डॉक्टर प्रवीण सोनी की पत्नी ज्योति पर सबूत छिपाने और अपराध में मदद करने का आरोप है। वह परासिया में एक मेडिकल स्टोर चलाती थी। सोमवार को एसआईटी ने परासिया से उसे हिरासत में लिया।डीएसपी जितेंद्र जाट के अनुसार, फरारी के दौरान ज्योति बैंगलुरु और बनारस में छिपी रही थी। इस दौरान उसने जबलपुर हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की कोशिश भी की थी। जानकारी मिलने पर एसआईटी ने कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
ड्रग विभाग की जांच में सामने आया था कि ज्योति ने फॉर्मासिस्ट सौरभ जैन और न्यू अपना फार्मा के संचालक राजेश सोनी के साथ मिलकर जहरीले कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ के स्टॉक में हेराफेरी की थी और कई अहम जानकारियां छिपाईं। तीनों ने डॉ. प्रवीण सोनी को बचाने के लिए सबूत मिटाने की कोशिश की थी। इसी आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सौरभ और राजेश पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अब ज्योति भी पुलिस के कब्जे में है।
ज्योति की गिरफ्तारी को लेकर परासिया में चर्चा का माहौल है। कुछ लोगों का कहना है कि उसने स्वेच्छा से आत्मसमर्पण किया, जबकि पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी है, सरेंडर नहीं। एसआईटी अब उससे यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि फरारी के दौरान उसने किनसे संपर्क किया और सबूतों को नष्ट करने में उसकी क्या भूमिका रही।

Previous articleइंदौर में गहरी खाई में गिरी यात्री बस: दर्दनाक हादसे में 3 की मौत, सीएम डॉ मोहन ने जताया दुख, 2-2 लाख रुपए मुआवजे का किया ऐलान
Next articleबिहार में बदलाव की बयार, जनता ने भाजपा को हटाने का मन बना लिया है : अखिलेश यादव