धान एवं मोटा अनाज उपार्जन हेतु PCSAP पोर्टल के संचालन के संबंध में प्रशिक्षण संपन्‍न

Join Us

नर्मदापुरम/ मध्यप्रदेश शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मोटा अनाज उपार्जन हेतु निर्धारित केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं को PCSAP पोर्टल पर अपलोड करने के संबंध में बुधवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के समिति प्रबंधक एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सहभागिता की। जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रश्मि साहू द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देते हुए बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान एवं मोटा अनाज उपार्जन के लिए केंद्रों पर निर्धारित 16 आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की जानी हैं। इन सुविधाओं में पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, अपशिष्ट प्रबंधन, प्राथमिक उपचार बॉक्स, शौचालय, पक्की सड़क, हेल्प डेस्क, किसानों के बैठने हेतु भवन, कैंटीन, अनाज उतारने हेतु सीमेंट फर्श, कैलिब्रेशन युक्त तौल कांटा, बिजली कनेक्शन एवं जनरेटर बैकअप, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सूचना दीवार, भंडारण हेतु गोदाम/वेयरहाउस, सुरक्षाकर्मी, अग्निशमन व्यवस्था तथा ग्रेडिंग हेतु पावर पंखे/पावर क्लीनर की उपलब्धता आवश्‍यक है। प्रशिक्षण में बताया गया कि इन सभी व्यवस्थाओं की जानकारी PCSAP पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से अपलोड की जाएगी। साथ ही उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर सहकारिता विभाग नर्मदापुरम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित नर्मदापुरम, नागरिक आपूर्ति निगम एवं खाद्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleकटक में हिंसा के बाद लगे कफ्र्यू में दी गई ढील, लोग आम दिनों की तरह निकले
Next articleराज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल की माताजी के निधन पर गोटेगांव पहुंचकर दी श्रद्धांजलि