कटक में हिंसा के बाद लगे कफ्र्यू में दी गई ढील, लोग आम दिनों की तरह निकले

Join Us

 -शहर में वज्र वाहन और एके-47 से लैस पुलिस कर रही गश्त
कटक,(ए)। कटक में हिंसा के बाद लगाए गए कफ्र्यू में ढील दी गई है। हालांकि मंगलवार शाम तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। कटक में दो गुट में हुई हिंसक घटना के बाद जिले के 13 थाना क्षेत्रों में कफ्र्यू लगा दिया गया था। कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से 36 घंटे का कफ्र्यू लगाया गया था, हालांकि इसके बाद कफ्र्यू को और बढ़ाने के संदर्भ में कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से कोई सूचना नहीं है। अब लोग आम दिन की तरह निकलने लगे हैं। शहर में 60 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही 8 कंपनियां केंद्रीय बलों- सीआरपीएफ और बीएसएफ के जवान भी ड्यूटी पर तैनात हैं। कटक जिला प्रशासन की सिफारिश पर गृह विभाग ने इंटरनेट प्रतिबंध लागू किया है। यह प्रतिबंध सीएमसी, सीडीए और बयालिशी मौजा क्षेत्रों में प्रभावी है। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और स्नैपचैट जैसी सोशल मीडिया सेवाएं बंद हैं। हालांकि, रेलवे, बैंक और कई सरकारी सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। पिछले शुक्रवार को कटक में विसर्जन में दरघाबाजार के पास दो समुदायों के बीच झड़प शुरू हो गई थी, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गई। इस घटना में आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी घायल हुए थे।
कटक में दो गुट में हुई हिंसक घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर नजर रखने के लिए क्राइम ब्रांच की ओर से अतिरिक्त एसपी के नेतृत्व में 7 सदस्यीय विशेष सेल गठित किया गया है। कफ्र्यू के दौरान कानून-व्यवस्था के एडीजी, पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, कटक के प्रभारी आईजी (कार्मिक), डीआईजी ने स्थिति की समीक्षा की। कटक शहर में दंगा नियंत्रण वाहन वज्र और एके-47 से लैस पुलिस वाहन गश्त कर रहे हैं। ओडिशा पुलिस की 50 प्लाटून फोर्स और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस की 27 प्लाटून फोर्स शहर में तैनात की गई हैं।
दूसरी ओर दरघाबाजार में हुए उपद्रव को लेकर दरघाबाजार थाना आईआईसी की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अवैध रूप से शोभायात्रा निकालने, कदमरसूल के पास पुलिस को गालियां देने और धक्का-मुक्की करने, पुलिस पर हमला करने, पथराव करने, दुकानों में आग लगाने जैसी शिकायतों में मामला दर्ज किया गया है। प्रदर्शनकारियों पर करीब 30 दुकानों को जलाने, 10 कारों और 6 बाइक को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। घटना में 25 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Previous articleकिडनी संक्रमण से प्रभावित बच्चों के उपचार का पूरा व्यय शासन द्वारा किया जायेगा वहन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleधान एवं मोटा अनाज उपार्जन हेतु PCSAP पोर्टल के संचालन के संबंध में प्रशिक्षण संपन्‍न