शराब के नशे में धुत्त बिजली अधिकारी ने किया सड़क पर एक घंटे तक हंगामा

Join Us
खाने के बिल पेमेंट  पर रेस्टोरेंट कर्मचारी से की मारपीट
बनखेड़ी।  गुरुवार शाम दशहरे के अवसर पर शहर के एक निजी रेस्टोरेंट के बाहर उस समय अफरा-तफरी का माहोल बन गया जब बिजली कंपनी के एक अधिकारी शराब के नशे में धुत्त होकर सड़क पर लोटपीट हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यह नजारा करीब एक घंटे तक चलता रहा, जिसे राह चलते आमजन ने देखा ऐसा लग रहा था मानो किसी फिल्म की शूटिंग हो रही हो। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवरात्रि समापन के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों ने आपसी चंदे से स्थानीय रेस्टोरेंट में पार्टी आयोजित की थी। इसी दौरान बनखेड़ी वितरण केंद्र के मुखिया जिम्मेदार अधिकारी ने अधिक मात्रा में शराब का सेवन कर लिया। जब खाने का बिल देने की बारी आई तो नशे में धुत्त होकर उन्होंने रेस्टोरेंट के ही एक कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए हंगामे से मौजूद अन्य बिजली कर्मचारी असहज हो गए और कई लोग चुपचाप मौके से खिसक लिए। गौर तलब  बात यह है कि गुरुवार को गांधी जयंती होने के कारण देशभर में शराब दुकानें बंद रहीं, इसके बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के पास पर्याप्त मात्रा में शराब की उपलब्धता कैसे हुई ? यह सवाल अब आमजन और प्रशासन दोनों के बीच उठने लगा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर की बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी का यह कृत्य बेहद शर्मनाक है। जहां एक ओर त्योहारों पर बिजली आपूर्ति को लेकर आम लोग उम्मीदें लगाए रहते हैं, वहीं जिम्मेदार अधिकारी खुद नशे में धुत्त होकर हंगामा करते नज़र आए। इस घटना के संबंध में जब बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। घटना के बाद से ही स्थानीय स्तर पर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और बिजली कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि शराब के नशे में हंगामा करने वाले अधिकारी पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे घटनाक्रम दोबारा न हों ।
Previous articleआदित्य कंस्ट्रक्शन के तत्वाधान में दिनभर चला महाप्रसादी का दौर
Next articleआस-पास के सभी जिलों को मुआवजा, क्यों छुटा सीहोर जिला, सीहोर जिले के किसानों को मुआवजा दे सरकार-राजीव गुजराती