-राम बरात का शहर में जगह- जगह हुआ भव्य स्वागत, जगह-जगह बांटी गई मिठाई
नर्मदापुरम। रामलीला महोत्सव समिति के द्वारा आयोजित रामलीला के अंतर्गत भगवान श्रीराम की बरात सोमवार को सेठानी घाट से शाम के समय धूमधाम के साथ रवाना हुई। जिसका शहर में जगह- जगह स्वागत हुआ। भगवान श्रीराम अपने भ्राता लक्ष्मण और भरत शत्रुघ्न के साथ दूल्हा बन कर नगर के मुख्य मार्ग से निकले। राम बरात शहर में हर चौक चाैराहों के साथ मुख्य मार्ग से निकली। शहर वासियों ने पुष्प वर्षा कर मिठाई बांटी। बारात में शामिल रामलीला समिति पदाधिकारियों और सदस्यों का भी स्वागत किया गया। मौसम भी साफ रहा।
राम बरात की छटा देखने लायक थी। सुंदर सिंहासन पर भगवान राम अपने सभी भाइयों के साहित विराजमान थे। बैंडबाजों की धुन पर भक्त भी थिरक रहे थे। बरात का कदम.-कदम पर स्वागत हो रहा था।
श्रद्धालु तिलक कर उतार रहे थे आरती
शहर के मुख्य मार्ग के नागरिकों व्यापारियों ने दूल्हा बने राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का तिलक करके आरती उतारी और आशीर्वाद लिया। बारात का समापन लीला स्थल पर किया गया। यहां चारों भाइयों का विधि विधान से विवाह हुआ। इस दौरान शहर में और घाट पर उत्सवी माहौल बना रहा।
भगवान की पूजा बारातियों का स्वागत
भगवान श्री राम की बरात शाम को लीला स्थल से शुरू हुई। इस दौरान शर्मा परिवार और अन्य परिजनों ने भगवान की पूजा आरती की। उन्होंने बरातियों का भी स्वागत किया। इसके बाद बरात आगे बढ़ी तो अनेक स्थनों पर लोगों ने बरात का सत्कार किया। लोग घरों के सामने पूजा.-आरती लिए इंतजार करते रहे थे। घर के सामने पहुंचते ही आरती उतारी। बरात पर लोगों ने खूब पुष्प वर्षा की। बरात इंदिरा चौक, मोरछली चौक से सराफा चौक होते हुए वापस लीला स्थल पर पहुंची। इसके बाद राम कलेवा और पांव पखराई की लीला का मंचन किया गया। बरात में समिति के पदाधिकारी सहित अन्य अनेक लोग शामलि रहे।
आज होगी वन गमन की लीला
सेठानी घाट पर ही मंगलवार रात्रि में 08 बजे से वन गमन की लीला आयोजित होगी। रामलीला को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर के लोग पहुंच रहे हैं। जिनमें बच्चों के साथ महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।






