शहर के नागरिकों के खून पसीने की कमाई से होती है ट्रैक्स की वसूली, लाखों रूपये देना है नपा को
नर्मदापुरम। शहर के नागरिकों की खून पसीने की कमाई को नगर पालिका की अनेक शाखाओं सहित तथाकथित जबावदार की लापरवाही से बर्वाद किया जाता है। उसके अनेक उदाहरण दिए जा सकते हैं जिनमें एक तो स्ट्रीट लाइट का दिन में जलना भी शामिल है। रात में जले या नहीं जले लेकिन शहर के अनेक स्थानों पर दिन में जरूर स्ट्रीट लाइट जलती रहती है। इसमें बिजली शाखा के लापरवाह अनुभवहीन कर्मचारियों की लापरवाही सबसे ज्यादा प्रमुख भूमिका निभाती है। एक के बाद एक के सेवानिवृत्त होने के बाद अब जो अमला बिजली शाखा में कार्यरत है उनके द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से शहर के दर्जनों स्थानों पर दिन भर बिजली जलती है जिसका बिल नगर के नागरिकों के ट्रैक्स से जमा किया जाता है। नपा को लाखों रूपये बिजली कंपनी को देने हैं इसके बाद भी नपा के अमले की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है।
बिजली सामग्री का रोना रोते हैं कर्मचारी
बिजली शाखा के कर्मचारी मनमाने कर रहे हैं जो शहर की शिकायतें होती है उस पर ध्यान नहीं देकर एक दो पार्षद पतियों की गुलामी करने तथा उनके बताए हुए कार्य करके अपने कर्तव्यों की इति श्री मान लेते हैं। शहर के अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं है जब नागरिक उन्हें लाइट लगाने का कहते हैं तो ये कर्मचारी सामग्री नहीं होने का रोना रोते रहते हैं। अब नवरात्रि आ रही है इसलिए नागरिकों की चहल पहल रहेगी जिसे ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों सहित गलियों में स्ट्रीट लाइट को सही करना आवश्यक है।
कार्यालय में होता रहता है टाइमपास
नपा कार्यालय से कुछ दूरी पर होने का फायदा बिजली शाखा के कर्मचारी उठाते हैं। वहां पर कोई चेकिंग करने तो जाता नहीं है इसलिए वहां के कर्मचारी टाइमपास करते रहते हैं। उन्हें जहां जाना होता है चुपचाप चले जाते हैं।






