नर्मदापुरम। शारदीय नवरात्र महोत्सव 22 सितंबर से शुरू हो रहे हैं। शहर में देवी उपासना के इस विशेष पर्व को भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलाकार देवी प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। वहीं आयोजन समिति के कार्यकर्ता पंडाल को सजाने में लगे हुए हैं। शहर में प्रमुख स्थानों पर देवी प्रतिमाएं स्थापना के लिए करीब 200 पंडाल सजाए जाते हैं। जिनमें मुख्य बाजार सहित अन्य कालोनियों में भी देवी पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देवी दुर्गा, माता महाकाली, आदिदेव महादेव, देवी सरस्वती, नरसिंह भगवान, कृष्ण भगवान सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाओं की स्थापना की जाती है। जिसमें रामलीला मैदान पर देवी प्रतिमा की स्थापना की जाती हैै। उसके पास ही पुराने सब्जी बाजार, तार अहाता में माता महाकाली और जय स्तंभ के पास छिन्नमस्तिका उत्सव समिति के द्वारा बडा पंडाल बना कर प्रतिमा स्थापित की जाती है। वहीं मोरछली चौक, एकता चौक, बस स्टेंड, कोठीबाजार, सदर बाजार, मीनाक्षी क्षेत्र, हाउसिंग बोर्ड, रसूलिया, मालाखेडी, आदमगढ, ग्वालटोली, संजय नगर और अन्य स्थानों पर देवी प्रतिमा की स्थापना की तैयारियां हो रही हैं।






