जबलपुर । अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मण्डल ने वर्ष 2025-26 के लिए अपना खेल कैलेण्डर घोषित कर दिया है। मुंबई में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में निर्णय लिया गया कि एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के द्वारा अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मण्डल हाकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता नवम्बर के द्वितीय पखवाड़े में आयोजित होने की संभावना है। अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण द्वारा पहली बार खो-खो को शामिल किया गया है बैठक में निर्णय लिया गया कि गुजरात ऊर्जा पुरूष व महिला वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर माह के द्वितीय पखवाड़े में करेगा। हरियाणा के द्वारा सितंबर माह में पुरूष वर्ग की वालीबाल और पुरूष व महिला वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पंजाब पुरूष व महिला वर्ग की एथलेटिक्स व टेनीक्वाईट प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व निभाएगा। यह दोनों प्रतियोगिताएं अक्टूबर माह के द्वितीय पखवाड़े में आयोजित होगी। राजस्थान को नवम्बर के प्रथम पखवाड़े में शरीर सौष्ठव व पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टाटा पावर मुंबई दिसंबर के प्रथम पखवाड़े में फुटबाल प्रतियोगिता की मेजवानी करेगा। बिहार को पुरूष व महिला वर्ग की कैरम और शतरंज प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी गई है। उनके द्वारा दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन दिसंबर माह के द्वितीय पखवाड़े में किया जाएगा। बीएसईएस दिल्ली दिसंबर माह के प्रथम प्रथम पखवाड़े में पुरूष व महिला वर्ग की रस्साकसी (टग ऑफ वार) प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा महाराष्ट्र को सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। महाराष्ट्र पुरूष व महिला वर्ग की कबड्डी, पुरूष वर्ग की बॉस्केटबाल, कुश्ती व खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन अगले वर्ष जनवरी माह 2026 के प्रथम पखवाड़े में करेगा।








