-खूब बंटा माखन मिश्री और खीर का प्रसाद, हुई भजन संध्या
नर्मदापुरम। शहर के एक मात्र बलदाऊ मंदिर में भादों माह की शुक्ल पक्ष की छट तिथि के अवसर पर बलदाऊ जी का जन्मोत्सव धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। नर्मदा तट के सेठानी घाट के पास मौजूद करीब 300 वर्ष प्राचीन इस बलदाऊजी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भ्राता बलराम जी और श्रीकृष्ण जी की प्रतिमा साथ साथ है। सुबह से ही मंदिर में गोस्वामी परिवार के साथ ही अनेक भक्तगणों ने मिल कर मंदिर को खूब सजाया। दोपहर 12 बजते ही मंदिर में शंख घडियाल और मंजीरे के साथ डोल बजने लगे। मंदिर के न्यासी कमल वल्लभ गोस्वामी,व्यवस्थापक दीपक वल्लभ गोस्वामी,यश वल्लभ गोस्वामी सहित शहर के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में मिलकर मंदिर में विराजमान बलदाऊ जी और कन्हैया जी की आरती की। साथ ही जमकर जयकारे लगाए गए। भक्तों ने आतिशबाजी भी की। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से रात तक माखन मिश्री और खीर का प्रसाद का वितरण किया गया।
कृष्ण बलदाऊ का एकमात्र मंदिर
शहर में बलदाऊ जी श्रीकृष्ण दोनों भाईयों का यह एकमात्र मंदिर है। इस कारण हर वर्ष यहां पर इस तिथि को बड़ी संख्या में शहर के लोग जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए आते हैं। क्योंकि यह उत्सव नर्मदा तट पर इसी मंदिर में ही जोरदार तरीके से मनाया जाता है। जिसमें शहर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। सर्वेश्वर बलदाऊ के जन्मोत्सव के अवसर पर शहर की महिला भजन मंडल की सदस्यों ने मंगल गीत, बधाई गीत, और भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी। यह क्रम दिन भर जारी रहा।






