रीडिंग कैंपेन 2025 : जिले में अधिकारियों ने बच्चों को सुनाई कहानियां

Join Us

सीहोर/जिला शिक्षा केंद्र सीहोर, डाइट सीहोर एवं मिशन अंकुर टीम के संयुक्त तत्वावधान में रीडिंग कैंपेन 2025 की शुरुआत हो चुकी है। इस अवसर पर बच्चों में पठन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मोबाइल रीडिंग वैन की शुरुआत की गई, जिसे माननीय कलेक्टर श्री बलागुरु के. एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रीडिंग वैन की उपस्थिति में सीहोर विकासखंड के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कस्तूरबा में बच्चों के साथ साहित्य के महत्व और पठन की आदत पर संवाद आयोजित किया गया। जिला परियोजना समन्वयक श्री रमेश उइके एवं डाइट प्राचार्य डॉ. अनीता बड़गुर्जर ने बच्चों को रोचक कहानियां सुनाईं, जिन्हें बच्चों ने अत्यंत उत्साह से सुना और चर्चा में सक्रिय भागीदारी की।
कहानियां बच्चों को उनके अनुभवों से जोड़ती हैं और कल्पनाओं को उड़ान देती हैं। किताबें बच्चों के जीवन का आईना बन जाती हैं और हर कहानी उन्हें अपनी ही लगने लगती है।
इस अवसर पर डाइट से श्री राकेश अग्रवाल  विकासखंड शिक्षा विभाग से श्रीमती हेमलता तोमर, श्रीमती योगिता लोधी, श्री गेंदराज विश्वकर्मा, जनशिक्षक श्री जगदीश राय, श्री आत्माराम बामनिया, स्कूल प्राचार्य श्रीमती नीना सिंह दुबे, विद्यालय स्टाफ तथा मिशन अंकुर टीम से श्री सुमित साध, श्री सुमन स्वर्णकार, श्रीमती स्नेह द्विवेदी एवं श्री अभिषेक चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
यह रीडिंग वैन 18 और 19 अगस्त को सीहोर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण करेगी। इसका उद्देश्य बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समुदाय में पुस्तक पठन की आदत विकसित करना, साहित्य के प्रति रुचि जगाना तथा पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करना है, ताकि हर बच्चा पुस्तकों में अपनी कहानी खोज सके।

Previous articleसीहोर योगासन स्पोट्र्स एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न
Next articleआर्य समाज शहर छावनी सीहोर एवं लोक जनकल्याण परिषद के