नर्मदापुरम। शहर के अनेक क्षेत्रों में मकान या दुकान निर्माण के दौरान कई लोग अपनी सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीच सड़क पर निर्माण सामग्री डाल देते हैं। सड़कों पर गिट्टी रेत, ईंट सहित लोहा और अन्य सामग्री रख देते हैं। यह सामग्री कोई एक दो दिन के लिए नहीं बल्कि एक सप्ताह से लेकर पखवाडा या महिने भर तक पड़ी रहती है। जिसमें रेत और गिट्टी के सड़क पर फैल जाने के कारण आधी सड़क से पूरी सड़क तक फैल जाने से वाहन चालकों को काफी असुविधा होती है। जिन मार्गों पर सामग्री रखी होती है उस मार्ग से अनेक बार मुख्यालय के कई जबावदार अधिकारी भी निकलते हैं। लेकिन उनका ध्यान नहीं जाता है। इस कारण एक दूसरे को देख कर अन्य लोग भी सामग्री डालते रहते हैं। शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क वैसे ही संकरी हैं इस कारण रेत गिट्टी और अन्य सामग्री के फैलते जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। शहर का व्हीआईपी मार्ग हो, मीनाक्षी क्षेत्र हो या फिर मंडी के पास वाला ऐरिया हो वहां पर सामग्री पड़ी रहना आम बात हैं। शहर में दर्जनों स्थानों पर निर्माण सामग्री सड़क पर ही पड़ी हुई है। यहां तक कि जेट पंप की बोरिंग का कार्य करने वालों के द्वारा अपनी दुकान के सामने गिरेवल तथा अन्य सामग्री रखने का रिवाज हो गया है। जिससे कि कहीं भी उनको कार्य करना हो तो दुकान के सामने से ही गिरेवल भर कर ले जाते हैं। इस तरफ अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है। शहर के नागरिक संजय गौर, गुड्डू टेलर,प्रदीप साहूूू सहित अन्य अनेक नागरिकों ने सीएमओ से साग्री जब्त करने की मांग की है।






