नागपंचमी का पर्व भक्ति भाव के साथ मना, दिन भर होती रही पूजन अर्चन
नर्मदापुरम। नागपंचमी का पर्व श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया। शहर में नर्मदा तट के तीनों प्रमुख नागदेवता के मंदिर नागचंद्रेश्वर मंदिर कोठीबाजार व जगदीश मंदिर के पास नागेश्वर मंदिर और काले महादेव मंदिर में नागपंचमी के अवसर पर लगातार तेज बारिश के बाद भी दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। स्व. पंडित प्रकाश चौरे के द्वारा बनाई गई परंपरा के तहत नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित नागचंद्रेश्वर के द्वार रात 12 बजे के बाद खोले गए। जो 24 घंटे के बाद 365 दिन के लिए रात में 12 बजे बंद किए गए। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर नर्मदा तट के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की तीसरी मंजिल की गुंबद पर बने प्रदेश के दूसरे नागचंद्रेश्वर मंदिर और काले महादेव मंदिर ऊपरी तल पर स्थित नागचंद्रेश्वर के द्वार वर्ष में एक बार नागपंचमी को ही 24 घंटे के लिए खोले गए। नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक पं मीत चौरे ने बताया कि रात में 12 बजे द्वार खोल कर साफ-सफाई की गई सुबह के समय पूजन अभिषेक किया गया। उसके बाद दर्शन करने वालों का क्रम शुरू हो गया। वहीं दूसरी ओर नागपंचमी का पर्व आज घरों घर भक्ति भाव से मनाया गया। घरों में ही नागदेवता की पूजन की गई।
मंदिर के पुजारी सुबह मंदिर के पुजारियों और व्यवस्थापकों के अलावा श्रद्धालुओं के द्वारा पूजन अर्चन व दर्शन किए जा रहे थे। नागचंद्रेश्वर मंदिर में स्थापित 12 नाग नागिन के जोड़ों का पूजन अर्चन अभिषेक के बाद सिंदूर से श्रृंगार करने के उपरांत आरती की गई। उसके बाद रात में 12 बजे एक वर्ष के लिए पट बंद कर दिए गए। यहां पर उज्जैन के महाकालेश्वर महादेव मंदिर की तर्ज पर साल भर में सिर्फ एक ही दिन द्वार खुलते हैं। दूसरी और सेठानी घाट के नाग मंदिर और काले महादेव मंदिर में भी पुजारी के द्वारा पूजन की गई। उसके बाद पट बंद कर दिए गए। लोगों ने शिवमंदिरों में भी पहुंच कर पूजन अर्चन की।
घरों में ही हुई विधि विधान से पूजन
नागपंचमी के अवसर पर परंपरागत रूप से शहर के अधिकांश श्रद्धालुओं ने अपने घरों में नागपंचमी पर नारियल की नरेली जलाकर उसकी राख में दूध मिला कर उससे दीवार पर नाग की आकृति उकेर कर नाग की पूजन विधिविधान से की। नागपंचमी के मौके पर शहर में अनेक घरों में महारूद्राभिषेक के साथ अनेक धार्मिक अनुष्ठान होते रहे। सुबह से ही नागपंचमी के पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। पूर्व वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत कई लोगों के घरों में चूल्हे पर तवा नहीं रखकर पूड़ी या दाल बाटी बनाई कर नागदेवता को भोग लगाया।
नहींं आए सपेरे
पहले नागपंचमी पर गली मोहल्ले में सपेरे नाग पंचमी पर नाग लेकर आते थे। बीते वर्ष तक चुपके से नाग लेकर गली में घूमते देखे गए। यहां तक कि कुछ महिलाएं भी नाग नागिन लेकर घूमती रहीं हैं। लेकिन इस बार एक भी सपेरा नाग लेकर नहीं आया। इसी प्रकार नागपंचमी पर अखाडाें में कुश्ती का आयोजन होता था जो इस बार नहीं हुआ।






